जमीन विवाद में पंकज त्रिपाठी के भाई पर हमला: लाठी-डंडों से वार, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

Follow Us

पटना। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अभिनेता के भाई विजेंद्रनाथ तिवारी पर कथित रूप से जमीन विवाद को लेकर हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल विजेंद्रनाथ को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना बिहार के गोपालगंज जिले के बेलसंद गांव में हुई, जो पंकज त्रिपाठी का पैतृक गांव बताया जा रहा है। आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने विजेंद्रनाथ पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गोपालगंज पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल परिवार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना को लेकर अभिनेता पंकज त्रिपाठी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। काम के मोर्चे पर अभिनेता अपनी आगामी फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर चर्चा में हैं।