छात्राओं में दहशत; कई शिकायतों के बावजूद नहीं जागा प्रशासन, परीक्षा के बीच पढ़ाई प्रभावित

Follow Us

कांकेर। जिले के एक गर्ल्स हॉस्टल में एक बार फिर जहरीला नाग दिखाई देने से छात्राओं में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर स्नेक कैचर को बुलाकर नाग का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। हालांकि यह पहली घटना नहीं है। छात्राओं का कहना है कि हॉस्टल परिसर में कई बार सांप निकल चुके हैं और इसकी शिकायत अधीक्षिका तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

छात्राओं ने बताया कि लगातार सांप निकलने की घटनाओं से वे भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। वर्तमान में परीक्षाएं भी चल रही हैं, ऐसे में डर और असुरक्षा के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्राओं ने शासन-प्रशासन से हॉस्टल परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और छात्राएं सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।