33 वाहिनी SSB केवटी में विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

Follow Us

कांकेर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर 33 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) केवटी के चिकित्सालय में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का गरिमामय आयोजन किया गया। यह शिविर वाहिनी एवं जिला अस्पताल कांकेर की चिकित्सीय टीम के विशेष सहयोग से संपन्न हुआ। शिविर के दौरान वाहिनी के अधिकारियों और बलकर्मियों ने देश सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार निभाते हुए बड़े उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पुनीत कार्य के तहत बलकर्मियों द्वारा *26 यूनिट रक्त* दान किया गया।

एकत्रित किया गया रक्त स्वर्गीय इंदिरा गांधी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़) को प्रदान किया गया, जो क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों के काम आएगा। बलकर्मियों ने इस योगदान से मानवता एवं सेवा भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। रक्तदान शिविर के दौरान जवानों ने विशेष उत्साह दिखाया और सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता फैलाते हुए *“रक्तदान – महादान”* के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान वाहिनी के कमांडेंट महोदय ने सभी रक्तदाताओं की खुले दिल से सराहना की। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि “रक्तदान न केवल किसी का जीवन बचाने का एक माध्यम है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी संवेदनशीलता और अटूट सेवा भावना का भी प्रतीक है। यह आयोजन न केवल जनसेवा की मिसाल है, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का एक सराहनीय प्रयास भी है।”इस मानवीय कार्य के लिए अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने भी सशस्त्र सीमा बल के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की है।