इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने इजरायल के साथ संबंध सामान्य करने के लिए बने ‘अब्राहम समझौते’ (Abraham Accords) का हिस्सा बनने से साफ मना कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में पाकिस्तान समेत कई मुस्लिम देशों से इस ऐतिहासिक समझौते से जुड़ने की अपील की थी, जिसे इस्लामाबाद ने सिरे से खारिज कर दिया है। अमेरिकी मांग का दो टूक जवाब देते हुए पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि, उनका देश इजरायल के साथ रिश्ते सुधारने के लिए किसी भी समझौते में शामिल होने के पक्ष में नहीं है। आसिफ ने पाकिस्तानी पासपोर्ट का हवाला देते हुए याद दिलाया कि, इस पर साफ तौर पर दर्ज है कि, यह इजरायल की यात्रा के लिए मान्य नहीं है।
रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान की बुनियादी विचारधारा पर जोर देते हुए कहा, “व्यक्तिगत तौर पर मुझे नहीं लगता कि हमें किसी ऐसे समझौते का हिस्सा बनना चाहिए जो हमारे मूल सिद्धांतों के खिलाफ हो। हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है कि यह हमें कतई मंजूर नहीं है।” इजरायल पर अविश्वास जताते हुए उन्होंने आगे कहा कि, आप उन लोगों के साथ मेज पर कैसे बैठ सकते हैं, जिनकी बात पर एक दिन के लिए भी भरोसा नहीं किया जा सकता। बता दें कि, अब्राहम समझौता इजरायल और अरब-मुस्लिम देशों के बीच कूटनीतिक और व्यापारिक रिश्ते स्थापित करने से जुड़ी एक अमेरिकी पहल है। हालांकि, पाकिस्तान के इस सख्त रुख ने साफ कर दिया है कि वह अपनी पुरानी इजरायल-विरोधी नीति पर ही कायम रहेगा।
