मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पुलिसकर्मियों समेत तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बीएमपी जवान भार्गव भूषण की मौत हो गई, जबकि थाने के एक दरोगा और होटल संचालक विनोद कुमार साह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद SKMCH मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, बीएमपी जवान भार्गव भूषण और मोतीपुर थाने में तैनात दरोगा शनिवार देर शाम सब्जी खरीदने के लिए थाना परिसर से निकलकर मोतीपुर बाजार की ओर जा रहे थे। जैसे ही दोनों थाना परिसर के मुख्य गेट से बाहर निकले, तभी मोतिहारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के दौरान स्कॉर्पियो की चपेट में मोतीपुर पुरानी बाजार निवासी होटल संचालक विनोद कुमार साह भी आ गए। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पास की एक दुकान में जा घुसा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल घायलों को मोतीपुर पीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में घायल दरोगा सीवान जिले के रतवारा निवासी बताए जा रहे हैं। मृतक बीएमपी जवान भार्गव भूषण मूल रूप से पूर्णिया जिले के रहने वाले थे और करीब एक महीने से मोतीपुर थाने में कार्यरत थे। उनकी मौत की खबर से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिमी-1 की डीएसपी सुचित्रा कुमारी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने वाहन चालक सुमित कुमार, जो समस्तीपुर का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
