त्योहार पर बाजार की मिठाई भूल जाइए! घर पर बनाएं झटपट सेवइयों की बर्फी, स्वाद ऐसा कि सब मांगेंगे रेसिपी

Follow Us

नई दिल्ली। तीज और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर घर में मिठाई बनाना हो तो इस बार कुछ अलग ट्राई कर सकते हैं। सेवइयों की बर्फी स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बनाने में भी बेहद आसान है। खास बात यह है कि इसे तैयार करने के लिए ऐसी सामग्री चाहिए, जो ज्यादातर घरों में आसानी से मिल जाती है।

सामग्री:
2 कप भुनी सेवइयां, 1 कप मावा, आधा कप दूध, 1 कप चीनी, 3-4 चम्मच घी, कटे हुए बादाम-काजू, थोड़ा पिस्ता और आधा चम्मच इलायची पाउडर।

बनाने का तरीका:
कड़ाही में घी गर्म करके सेवइयों को हल्का सुनहरा कर लें। अब दूसरी तरफ मावे को धीमी आंच पर 2 मिनट भूनें। इसमें दूध और चीनी डालकर लगातार चलाएं। मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें सेवइयां, इलायची और ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें।

जब मिश्रण कड़ाही छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दें। अब घी लगी प्लेट या ट्रे में मिश्रण फैलाएं और ऊपर से पिस्ता-बादाम डालें। इसे करीब 30-40 मिनट सेट होने दें। ठंडा होने के बाद मनचाहे आकार में काट लें। ज्यादा रिच स्वाद के लिए इसमें केसर या नारियल का बुरादा भी डाल सकते हैं। त्योहार पर घर की बनी यह मिठाई मेहमानों को जरूर पसंद आएगी।