धमतरी। दीपावली के अवसर पर धमतरी पुलिस के चार आरक्षक (चालक) को पदोन्नति का उपहार मिला है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश कुमार मिश्रा द्वारा जारी पदोन्नति आदेश एवं वर्ष 2026 की योग्यता सूची के अनुसार चार आरक्षकों को प्रधान आरक्षक (चालक) के पद पर पदोन्नत किया गया है।
पदोन्नति के अवसर पर पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदोन्नत कर्मचारियों के कंधों पर फित्ती लगाकर उन्हें नए पद की शुभकामनाएं दीं। पदोन्नति पाने वालों में संतोष ठाकुर, संतोष दुबे, छोटे लाल साहू और थान सिंह चंद्राकर शामिल हैं।
इस अवसर पर एसपी भावना पांडेय ने सभी पदोन्नत कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कर्तव्यों और जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी का भी प्रतीक है। यह बेहतर कार्य, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल है। उन्होंने कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ करने के निर्देश दिए।
दीपावली के पर्व पर पदोन्नति की खुशी को दोगुना करते हुए एसपी ने सभी कर्मचारियों का मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में एएसपी शैलेन्द्र पांडेय, डीएसपी यशकरण दीप ध्रुव, रक्षित निरीक्षक विपुल आनंद जांगड़े, निरीक्षक (एम) अखिलेश शुक्ला, स्थापना प्रभारी लक्ष्मी ध्रुव, उप निरीक्षक खेमराज साहू, एटीओ सुल्तान हुसैन, प्रधान आरक्षक डिगेश शर्मा सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पदोन्नत कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
