CG में पेट्रोल-डीजल को लेकर घबराने की जरूरत नहीं: सरकार ने कहा- पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों से बचें

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच राज्य सरकार ने स्थिति पूरी तरह सामान्य होने का दावा किया है। खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने कहा कि, प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और ऑयल डिपो को लगाता आपूर्ति की जा रही है। आम लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदने की आवश्यकता नहीं है। सरकार के अनुसार प्रदेश में फिलहाल 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर और डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है। वहीं रोजाना की जरूरत के मुताबिक लगातार सप्लाई भी पहुंचाई जा रही है।

आज विभिन्न डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल और 4,760 किलोलीटर डीजल की नई खेप पहुंची है। रायपुर और बिलासपुर के कुछ पेट्रोल पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हुए हैं, लेकिन वहां भी तेजी से सप्लाई भेजी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक पिछले दो दिनों में अफवाहों के कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीदना शुरू कर दिया, जिससे कुछ जगह कृत्रिम कमी जैसी स्थिति बनी। खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि, वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और पैनिक बाइंग से बचें। सरकार और ऑयल कंपनियां मिलकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि सभी पंपों पर सामान्य आपूर्ति बनी रहे।