नितिन नबीन का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- ‘इटली जैसी सोच रखने वालों के लिए भारत में जगह नहीं’

Follow Us

हैदराबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी और सोनिया गांधी का नाम लिए बिना कहा कि कांग्रेस ‘इटली जैसी सोच’ के साथ काम करती है और ऐसी सोच के लिए भारत में कोई स्थान नहीं है। हैदराबाद में आयोजित एक पार्टी बैठक और बूथ प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि देश को परिवारवाद और भ्रष्टाचार से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल केवल परिवार के आधार पर चलते हैं और जनता के संसाधनों का दुरुपयोग करते हैं।

नबीन ने कहा कि कांग्रेस हमेशा ऐसी विचारधारा लेकर चलती है, जो भारत की जमीनी हकीकत से मेल नहीं खाती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मजबूत संगठन बनाकर आगामी चुनावों में भाजपा को और सशक्त करें। उन्होंने तेलंगाना की राजनीति का जिक्र करते हुए बीआरएस और कांग्रेस दोनों पर निशाना साधा। नबीन ने आरोप लगाया कि कुछ परियोजनाओं के जरिए सार्वजनिक धन का दुरुपयोग किया गया है और कांग्रेस ऐसे मामलों में आरोपी दलों को बचाने का प्रयास करती है।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है और डबल इंजन सरकार से राज्यों में तेजी से विकास संभव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पश्चिम बंगाल में पार्टी की सफलता से प्रेरणा लेने की अपील की और कहा कि तेलंगाना में भाजपा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।