नीता अंबानी की बनारसी कतान सिल्क साड़ी ने जीता दिल, डायमंड ज्वेलरी ने बढ़ाई शान

Follow Us

मुंबई। नीता अंबानी एक बार फिर अपने शानदार फैशन सेंस को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में डॉक्टरों की एक अंतरराष्ट्रीय बैठक में उनका पारंपरिक और शाही अंदाज लोगों का ध्यान खींचता नजर आया। इस खास मौके पर नीता अंबानी ने ‘स्वदेश’ की हाथ से बुनी बनारसी कतान सिल्क साड़ी पहनी, जिसमें टील और एक्वा रंगों का खूबसूरत मेल देखने को मिला। साड़ी पर की गई बारीक सुनहरी ज़री कारीगरी और फूलों के पारंपरिक डिज़ाइन ने इसकी खूबसूरती को और निखार दिया।

बताया जा रहा है कि इस साड़ी को तैयार करने में तीन महीने से अधिक समय लगा। प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा तैयार की गई इस साड़ी में पारंपरिक ‘कडवा’ बुनाई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो बनारसी शिल्पकला की विशेष पहचान मानी जाती है। नीता ने साड़ी के साथ मैचिंग एक्वा ब्लाउज़ पहना, जिस पर बेहद नाजुक बीडवर्क किया गया था। उन्होंने अपने लुक को एलिगेंट बनाए रखते हुए डायमंड ड्रॉप इयररिंग्स, डायमंड बैंगल्स और स्टेटमेंट रिंग के साथ स्टाइल किया। मिनिमल मेकअप, छोटी नीली बिंदी और सफेद फूलों से सजे लो बन हेयरस्टाइल ने उनके पारंपरिक लुक में चार चांद लगा दिए। उनका यह अंदाज भारतीय हस्तकरघा, कारीगरी और क्लासिक फैशन का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया।