नई दिल्ली। NEET UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर देशभर में तैयारियां तेज हो गई हैं, लेकिन एडमिट कार्ड डाउनलोड को लेकर छात्रों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुसार अब तक 1 लाख से अधिक उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं, जबकि कई अभ्यर्थी अभी भी तकनीकी दिक्कतों से जूझ रहे हैं। छात्रों की शिकायत है कि, बैंक वेरिफिकेशन और लॉगिन प्रक्रिया पूरी न होने के कारण एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं हो पा रहा है। बढ़ते ट्रैफिक के चलते वेबसाइट पर भारी सर्वर लोड भी देखा जा रहा है, जिससे सिस्टम धीमा हो गया है।
NTA ने इस स्थिति को देखते हुए नई एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि, वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज और बैंक विवरण पहले से तैयार रखें और धैर्य के साथ प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे 15 मिनट निर्धारित है। इस दौरान सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स की कड़ी व्यवस्था की गई है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों से अपील की है कि, वे चिंता न करें और अपनी तैयारी पर ध्यान दें। वहीं परीक्षा से जुड़े सभी अपडेट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जा रहे हैं। उम्मीदवारों को जल्द से जल्द अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लेना चाहिए और उसमें दी गई सभी जानकारी को ध्यान से जांचना चाहिए, ताकि परीक्षा के दिन किसी प्रकार की समस्या न हो। तकनीकी दिक्कतों के बावजूद परीक्षा की तैयारियां पूरी रफ्तार से आगे बढ़ रही हैं।
