दिल्ली में कचरा प्रबंधन की नई पहल: खाली गुटखा-खैनी पैकेट और प्लास्टिक बोतल लौटाने पर मिलेगा रिफंड

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बढ़ती कचरे की समस्या से निपटने के लिए सरकार नई पहल करने जा रही है। इसके तहत डिपॉजिट रिटर्न स्कीम (DRS) लागू करने की तैयारी की जा रही है। प्रस्तावित योजना में प्लास्टिक की बोतलों के साथ गुटखा, खैनी और सिगरेट जैसे तंबाकू उत्पादों की खाली पैकेजिंग को भी शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। योजना के तहत ग्राहकों को सामान खरीदते समय उसकी कीमत के अलावा एक निश्चित अतिरिक्त राशि जमा करनी होगी। इस्तेमाल के बाद खाली पैकेट या बोतल निर्धारित संग्रह केंद्र पर लौटाने पर यह राशि वापस कर दी जाएगी।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया कि तंबाकू जैसे उत्पादों की पैकेजिंग को भी इस योजना में शामिल करने की तैयारी है। इस संबंध में पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई, जिसमें योजना के नीतिगत ढांचे और इसे लागू करने की रणनीति पर चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक महीने के भीतर योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए। डिपॉजिट रिटर्न स्कीम के तहत उपभोक्ताओं को प्लास्टिक की बोतल या अन्य निर्धारित उत्पाद खरीदते समय अतिरिक्त जमा राशि देनी होगी। बाद में खाली पैकेजिंग को अधिकृत कलेक्शन सेंटर या संबंधित रिटेलर के पास लौटाने पर यह रकम वापस मिल जाएगी। सरकार का मानना है कि आर्थिक प्रोत्साहन मिलने से लोग खाली पैकेट और बोतलों को सड़कों, नालों और खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय संग्रह केंद्रों तक पहुंचाएंगे। इससे कचरे के पृथक्करण और रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा।

योजना तैयार करने के लिए दिल्ली सरकार गोवा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लागू व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रही है। हिमाचल प्रदेश के मॉडल पर विशेष रूप से विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव में भुगतान व्यवस्था, संग्रह केंद्रों की भूमिका, संस्थागत ढांचे और विभिन्न हितधारकों की जिम्मेदारियों को शामिल किया जाएगा। सरकार दिल्ली की शहरी परिस्थितियों के अनुरूप इस योजना को लागू करना चाहती है। बैठक के दौरान पर्यावरण मंत्री ने प्लास्टिक कचरे से नालों के जाम होने, जल स्रोतों के प्रदूषित होने और मिट्टी की गुणवत्ता प्रभावित होने पर चिंता जताई। उन्होंने खुले में कचरा जलाने से होने वाले प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। अधिकारियों के मुताबिक, दुनिया के 40 से अधिक देशों में डिपॉजिट रिटर्न स्कीम लागू है। कुछ देशों में कचरा वापसी की दर 96 प्रतिशत तक पहुंचने का दावा किया गया है। दिल्ली सरकार को उम्मीद है कि इस पहल से रीसाइक्लिंग को बढ़ावा मिलेगा और नगर निकायों पर कचरा प्रबंधन का बोझ कम होगा।