नई दिल्ली। पेट्रोल-डीजल के बाद अब सीएनजी उपभोक्ताओं को भी महंगाई का बड़ा झटका लगा है। दिल्ली-NCR में एक बार फिर CNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। इस बार कंपनियों ने सीएनजी के दाम में रु.1 प्रति किलो का इजाफा किया है। खास बात यह है कि, बीते 72 घंटों में दूसरी बार कीमतें बढ़ी हैं। इससे पहले 15 मई को भी रु.2 प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई थी। नई दर लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में CNG की कीमत रु.80.09 प्रति किलो पहुंच गई है। वहीं नोएडा और गाजियाबाद में यह रु.88.70 प्रति किलो बिक रही है। गुरुग्राम में नई कीमत रु.85.12 और मुंबई में रु.84 प्रति किलो दर्ज की गई है।
इस लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर रोजाना सफर करने वाले लोगों पर पड़ेगा। ऑटो चालकों, कैब ड्राइवरों और सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल करने वाले नौकरीपेशा लोगों का खर्च बढ़ना तय माना जा रहा है। आने वाले दिनों में ऑटो और ऐप बेस्ड टैक्सियों के किराए में भी बढ़ोतरी हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में उछाल और ईंधन सप्लाई पर बढ़ते दबाव के कारण गैस कंपनियां लगातार दाम बढ़ा रही हैं। इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी करीब रु.3 प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम आदमी के घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
