नीट यूजी री-एग्जाम 2026: रायपुर में तैयारियां तेज, कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

Follow Us

रायपुर। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी 2026 री-एग्जाम को लेकर रायपुर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। परीक्षा के सफल और व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।

कलेक्टर ने सेरीखेड़ी, उपरवारा, माना कैंप, डुमरतराई, बुढ़ापारा, कालीबाड़ी, कटोरा तालाब, बैरन बाजार और नलघर चौक सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी केंद्रों में पेयजल, स्वच्छ शौचालय, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। मानसून को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां भी की हैं। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग खुले स्थान के बजाय शेड या छायादार जगह पर की जाए, ताकि बारिश की स्थिति में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम और व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया है। रायपुर जिले में री-नीट परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षार्थियों को शांत, सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएंगी।