नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के राजनीतिक इतिहास में एक नया स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया है। वे देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। पीएम मोदी ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों के कार्यकाल के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बुधवार को प्रधानमंत्री पद पर उनके सफर का यह लगातार 4,399वां दिन दर्ज किया गया।
इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) के तमाम दिग्गज नेताओं, सांसदों और मंत्रियों ने विभिन्न मंदिरों में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। नेताओं ने पीएम मोदी की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उनके निरंतर सफल नेतृत्व के लिए भगवान से प्रार्थना की।
इस खास मौके पर राष्ट्रीय राजधानी के मयूर विहार स्थित श्री गणेश मंदिर में विशेष पूजा का आयोजन किया गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सहित कई बड़े चेहरों ने भी पीएम के सफल कार्यकाल को सराहा। सभी नेताओं ने देश के अभूतपूर्व विकास और वैश्विक स्तर पर भारत का मान बढ़ाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी योगदान की सराहना की।
