रायपुर में अवैध कब्जों पर निगम का बुलडोजर, नाले पर बने पाटे तोड़े, 5 एकड़ में अवैध प्लाटिंग रोकी

Follow Us

पंडरी और बोरियाखुर्द में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, जलभराव रोकने और अवैध कॉलोनियों पर सख्ती जारी

रायपुर। राजधानी रायपुर में जलभराव और अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-2 और जोन-10 की टीमों ने पंडरी और बोरियाखुर्द क्षेत्र में अवैध कब्जों और निर्माणों को हटाया।

जोन-2 नगर निवेश विभाग की टीम ने पंडरी स्थित होटल पुनीत और आसपास की दुकानों के सामने नाले पर बनाए गए आधा दर्जन से अधिक अवैध पाटों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। निगम अधिकारियों के अनुसार, इन अवैध निर्माणों के कारण नाले की सफाई प्रभावित हो रही थी और बारिश के दौरान जल निकासी बाधित होने से आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी। कार्रवाई के बाद नाले की सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया।

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर के नालों और जल निकासी व्यवस्था में बाधा बनने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में नालों पर किए गए अतिक्रमण की लगातार जांच की जा रही है और जहां भी अवैध निर्माण मिलेंगे, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, जोन-10 नगर निवेश विभाग ने बोरियाखुर्द नहर रोड पर करीब 5 एकड़ निजी भूमि पर दोबारा की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई की। निगम की टीम ने जेसीबी से अवैध रूप से बनाई गई मुरम सड़क को काट दिया, प्लाटिंग स्थल तक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया और मौके पर बनाई गई अवैध नींव को भी ध्वस्त कर दिया।

नगर निगम का कहना है कि बिना अनुमति प्लाटिंग कर लोगों को गुमराह करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित दस्तावेजों और वैधानिक अनुमतियों की अच्छी तरह जांच करें। साथ ही चेतावनी दी है कि अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।