मानसून की पहली बारिश में मुंबई बेहाल, सड़कों पर भरा 3 फीट पानी; लोकल ट्रेनें प्रभावित

Follow Us

मुंबई। मायानगरी में मानसून की धमाकेदार एंट्री के साथ ही भारी बारिश ने शहर की रफ्तार रोक दी है। मंगलवार रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद मुंबई के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। पहली ही बारिश में निचले इलाकों की सड़कें पानी में डूब गईं और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सबसे ज्यादा असर अंधेरी इलाके में देखने को मिला, जहां अंधेरी सबवे पूरी तरह पानी से भर गया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने अंडरपास को बंद कर दिया। वहीं हार्बर लाइन पर भी बारिश का असर पड़ा और सेवाएं प्रभावित हुईं। बीती रात कुछ घंटों में मुंबई के कई हिस्सों में 70 से 100 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। सेंट्रल मुंबई के नायर अस्पताल इलाके में सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कल्याण, डोंबिवली, कर्जत और नेरल में भी तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ।

भारी बारिश के चलते कई सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। पश्चिमी और सेंट्रल रेलवे की लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं। यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। ठाणे में ऑरेंज और पालघर में भी रेड अलर्ट लागू किया गया है। विभाग ने तेज हवाओं के साथ अगले कुछ घंटों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।