सांसद बृजमोहन अग्रवाल की पहल सफल, रायपुर के 262 सरकारी स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय

Follow Us

18.34 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, छात्राओं को मिलेंगी सुरक्षित और बेहतर मूलभूत सुविधाएं

रायपुर। रायपुर लोकसभा क्षेत्र की छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल के प्रयासों से रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 262 शासकीय विद्यालयों में बालिका शौचालय निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। यह कार्य वीबी रामजी योजना, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) और गौण खनिज मद के अभिसरण से कुल ₹18.34 करोड़ की लागत से कराया जाएगा।

प्रत्येक विद्यालय में बालिका शौचालय निर्माण के लिए ₹7 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। इसमें वीबी रामजी योजना से ₹5 लाख तथा डीएमएफ एवं गौण खनिज मद से ₹2 लाख उपलब्ध कराए जाएंगे।स्वीकृत विद्यालयों में अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के 50, आरंग विकासखंड के 117, धरसीवां विकासखंड के 45 तथा तिल्दा विकासखंड के 50 शासकीय विद्यालय शामिल हैं।

हाल ही में आयोजित दिशा समिति की बैठक में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने बालिका शौचालय विहीन विद्यालयों का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन और जिला पंचायत रायपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण की स्वीकृति जारी कर दी।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बालिका शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं छात्राओं के स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और शिक्षा की निरंतरता से सीधे जुड़ी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी जा रही है और उसी संकल्प के तहत रायपुर लोकसभा क्षेत्र में विद्यालयों की अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

सांसद ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि छात्राओं को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके।