जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर और दंतेवाड़ा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गायत्री मंदिर के पास हुई इस घटना में देखते ही देखते कार आग के गोले में तब्दील हो गई। हालांकि चालक ने समय रहते गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस जांच में जुटी है। वहीं, एक अन्य घटना में बलौदाबाजार जिले के भाटापारा क्षेत्र में पाइप गोदाम में भी भीषण आग लग गई। मंडी रोड स्थित इस गोदाम में प्लास्टिक पाइप और बोरवेल सामग्री रखी थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। काला धुआं पूरे इलाके में छा गया। दमकल विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश जारी रही। दोनों घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
