मानसून की रफ्तार थमी: उमस ने बढ़ाई परेशानी; बिलासपुर समेत 12 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक का इंतजार अभी और लंबा हो सकता है। प्रदेश में मानसून की गति धीमी पड़ने से गर्मी और उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में मंगलवार को हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं, लेकिन इसके बाद निकली तेज धूप ने मौसम को और अधिक उमसभरा बना दिया।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिलासपुर सबसे गर्म जिलों में शामिल रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। बीते 24 घंटों के दौरान बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं जशपुर, रामानुजनगर, दरभा, सक्ती, मनोरा और कोंडागांव में भी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में बुधवार को भी बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जीपीएम, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से फिलहाल राहत मिलने के संकेत कम दिखाई दे रहे हैं।