मुंबई में मानसून की दस्तक: दो दिन की बारिश से मिली गर्मी से राहत, लेकिन सड़कों पर बढ़ी परेशानी

Follow Us

मुंबई। मायानगरी मुंबई में मानसून ने आखिरकार अपनी रफ्तार पकड़ ली है। लगातार दूसरे दिन हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत दी, वहीं कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम ने परेशानी बढ़ा दी। रविवार के बाद सोमवार को भी मुंबई के कई हिस्सों में घंटों तक बारिश हुई। बारिश के कारण वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इसी दौरान सब्जियों से भरा एक ट्रक पलटने से यातायात व्यवस्था और प्रभावित हो गई। शहर के कई इलाकों में पानी भरने की शिकायतें सामने आईं। बांद्रा ईस्ट समेत कुछ क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं अंधेरी मेट्रो सेवा भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही।

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अनुसार, कुछ घंटों के दौरान शहर में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून मुंबई में सामान्य समय से करीब 10 दिन की देरी से पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। 25 और 26 जून के आसपास मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।