लखनपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स से मिले मंत्री राजेश अग्रवाल, पर्यटन प्रचार पर दिया जोर

Follow Us

अंबिकापुर/लखनपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने लखनपुर में आयोजित सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर मीट में डिजिटल क्रिएटर्स से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं और प्रमुख पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। मंत्री ने इन्फ्लूएंसर्स से चित्रकोट, तीरथगढ़, कांगेर घाटी, सिरपुर, भोरमदेव, मैनपाट, रामगढ़, चंद्रखुरी और दंतेवाड़ा जैसे पर्यटन स्थलों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प और संस्कृति को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

राजेश अग्रवाल ने पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और सोशल मीडिया के जरिए जिम्मेदार पर्यटन का संदेश फैलाने की अपील भी की। साथ ही 29-30 जून को सरगुजा के रामगढ़ में आयोजित होने वाले रामगढ़ महोत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन अधोसंरचना, सांस्कृतिक संरक्षण और डिजिटल प्रचार के माध्यम से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।