‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का जिक्र गर्व की बात: विष्णु देव साय

Follow Us

रायपुर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ का लगातार उल्लेख होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की उपलब्धियों का जिक्र होने से न केवल पहचान मजबूत होती है, बल्कि लोगों का मनोबल भी बढ़ता है। राजधानी रायपुर के भाटागांव स्थित विनायक सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय ने बड़ी संख्या में लोगों के साथ ‘मन की बात’ का 133वां एपिसोड सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश को जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है, जो जमीनी स्तर पर हो रहे नवाचारों और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अभिभावक की तरह देशवासियों से संवाद करते हैं और प्रेरणादायक कहानियों के जरिए समाज को सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करते हैं। इससे जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है और राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में काले हिरण के संरक्षण के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि इसका राष्ट्रीय मंच पर उल्लेख होना राज्य के लिए सम्मान की बात है। इससे यह भी स्पष्ट होता है कि प्रदेश पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री साय ने बांस को विशेष श्रेणी में शामिल किए जाने से बढ़े उपयोग और इससे महिलाओं की आय में आए सकारात्मक बदलाव का भी जिक्र किया। साथ ही उन्होंने पवन ऊर्जा के क्षेत्र में संभावनाओं पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक अनूठी पहल करते हुए लोगों के साथ छत्तीसगढ़ी व्यंजन साझा कर सामूहिक भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आपसी विश्वास, अपनापन और एकता को मजबूत करते हैं।