शिविर में 474 हितग्राहियों का पंजीयन, विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं से हुए लाभान्वित
कोण्डागांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन जिला चिकित्सालय कोण्डागांव में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी उपस्थित रहीं। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिलेभर से बड़ी संख्या में नागरिक स्वास्थ्य जांच एवं उपचार के लिए पहुंचे। शिविर में कुल 474 हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और राष्ट्र का आधार : लता उसेंडी
इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा एवं संकल्प के उपलक्ष्य में एक माह तक विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसका समापन मेगा स्वास्थ्य शिविर के साथ हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब हम स्वस्थ रहेंगे, तभी हमारा समाज, राज्य और राष्ट्र स्वस्थ रहेगा। बेहतर स्वास्थ्य से कार्यक्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति की आर्थिक और मानसिक स्थिति भी मजबूत होती है। परिवार में किसी सदस्य के बीमार होने पर पूरा परिवार प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे गरीब परिवारों को गंभीर बीमारी के उपचार के लिए जमीन बेचने या कर्ज लेने जैसी परेशानियों से राहत मिलती है। उन्होंने नागरिकों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
आयुष्मान कार्ड का उपयोग कर नि:शुल्क उपचार का लाभ लें : कलेक्टर
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शिविर में पहुंचे नागरिकों से अपील की कि वे उपचार के दौरान पात्रता के अनुसार आयुष्मान कार्ड का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाएं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव से दूरभाष पर चर्चा कर अरुण वोरा ने स्वास्थ्य की जानकारी ली
विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से हितग्राहियों को मिला लाभ
मेगा स्वास्थ्य शिविर में 145 हितग्राहियों की प्रयोगशाला जांच की गई। इसके अतिरिक्त गैर-संचारी रोगों से संबंधित 74, नेत्र रोग के 40, नाक-कान-गला रोग के 23, दंत रोग के 12, मेडिसिन के 25, सर्जरी के 25 तथा सामान्य रोगों से संबंधित 52 मरीजों की जांच की गई। शिविर में 100 हितग्राहियों का एक्स-रे किया गया तथा 80 हितग्राहियों को प्रसूति संबंधी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र, टीबी मरीजों को पोषण सहायता
कार्यक्रम के दौरान विधायक लता उसेंडी एवं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने 17 हितग्राहियों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए। वहीं, टीबी से पीडि़त पांच मरीजों को पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट प्रदान की गई। इसके साथ ही 200 महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए। शिविर में पहुंचे हितग्राहियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, कोण्डागांव द्वारा नि:शुल्क खिचड़ी का वितरण भी किया गया।
प्रदेश की सड़कों की बदहाली पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बैज ने मरम्मत की समय-सीमा पर मांगा जवाब
सेवा संकल्प अभियान के अंतिम दिन आयोजित इस मेगा स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, मनोज जैन, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर, मसौरा सरपंच सुकली बाई, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक पी.एल. मण्डावी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
