रायपुर। शेफाली वर्मा और कप्तान स्मृति मंधाना के धमाकेदार प्रदर्शन से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरी जीत दर्ज कर ली है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी- 20 मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। दोनों देशों के बीच यह पहली बार टी20 सीरीज खेली जा रही है।
भारतीय गेंदबाजों ने पहले जिम्बाब्वे को 20 ओवर में 8 विकेट पर 102 रन पर रोक दिया, फिर शेफाली और स्मृति की जोड़ी ने सिर्फ 8.5 ओवर में 103 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी ने किया हताश
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज केलिस नधलोवु 11 गेंद में खाता भी नहीं खोल सकीं, बिलव्ड बीजा 13 गेंद पर 7 रन बनाकर आउट हुईं। चिपो मुगेरी-तिरिपानो ने 34 और कप्तान जोसेफिन नकोमो ने 27 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी।
भारतीय गेंदबाजों का कमाल
भारत के लिए निकी प्रसाद ने 2 ओवर में 7 रन देकर 2 विकेट लिए। क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा, दीप्ति शर्मा और श्रीचरणी को 1-1 सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई। उन्होंने पावरप्ले में ही टीम को 76 रन तक पहुंचा दिया और महिला T20 इंटरनेशनल में भारत के लिए तीसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ा। कप्तान स्मृति मंधाना ने पहले सधी हुई शुरुआत की, फिर आंखें जमने के बाद बड़े शॉट खेले। दोनों ने मिलकर 8.5 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया।
बतौर कप्तान मंधाना की पहली सीरीज
यह बतौर कप्तान स्मृति मंधाना की पहली इंटरनेशनल सीरीज है। इससे पहले 16 अक्टूबर को पहले T20 में भारत ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला 20 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
टीम इंडिया ने पहले ओवर से कसा शिकंजा
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले 36 में से उसके बल्लेबाज 29 गेंद डॉट कर गए। इस दौरान जिम्बाब्वे ने पावरप्ले में एक विकेट भी गंवा दिया था। खराब शुरुआत से जिम्बाब्वे की टीम पूरे मैच में उबर नहीं सकी। हालांकि चिपो तिरिपानो के 34 और कप्तान जोसेफीने के नाबाद 27 रन की पारियों की बदौलत टीम जैसे तैसे 100 के आंकड़े को पार करने में सफल रही। टीम के 9 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार नहीं कर सकीं। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 102 रन बनाए।


