रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए जियोहॉटस्टार को इसका आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर बनाया गया है। 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक होने वाली लीग के सभी 18 मुकाबलों का लाइव प्रसारण किया जाएगा। दर्शक हर दिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में मैच देख सकेंगे। इस पहल से राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा और रायपुर से उनके खेल का हुनर देश-दुनिया तक पहुंचेगा।
हॉकी इंडिया से मान्यता प्राप्त इस लीग में छत्तीसगढ़ के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी, जबकि फाइनल 1 नवंबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इसके अलावा, पहले दिन महिला हॉकी को बढ़ावा देने के लिए एक प्रदर्शनी मैच आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो के अनुसार, लीग का उद्देश्य राज्य में हॉकी को प्रोत्साहित करना, उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर देना और खेल के विकास को गति देना है। ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ की टैगलाइन के साथ यह आयोजन छत्तीसगढ़ की खेल पहचान और क्षेत्रीय गौरव को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगा।
