भिलाई में एमबीबीएस छात्र ने फांसी लगाकर दी जान, कमरे से मिला सुसाइड नोट; परीक्षा में बैक आने से था परेशान

Follow Us

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में एक 22 वर्षीय एमबीबीएस छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। कोहका स्थित अवंति बाई चौक के पास पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहे अभिजीत देवांगन ने फांसी लगाकर जान दे दी। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर स्मृतिनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से वह तनाव में था। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

अभिजीत देवांगन मूल रूप से दुर्ग जिले के चरोदा-जंजगीरी गांव का रहने वाला था। उसने नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद मेडिकल कॉलेज में दाखिला लिया था। परिजनों के मुताबिक, पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से वह निराश रहने लगा था। कुछ समय पहले उसने घर से अलग रहकर पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी। पिता की अनुमति मिलने के बाद उसने भिलाई के कोहका क्षेत्र में पीजी में कमरा लिया था। उसे वहां रहते हुए करीब 10 दिन हुए थे, लेकिन इस दौरान वह केवल पांच दिन ही पीजी में रुका था।

घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब अभिजीत के परिजन किसी काम से भिलाई पहुंचे और उससे मिलने पीजी चले गए। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और उसे 10 से 15 बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पीजी में रहने वाले अन्य छात्रों को जानकारी दी। छात्रों ने खिड़की से टॉर्च की रोशनी डालकर देखा तो अभिजीत कमरे में फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया।

इसके बाद परिजनों और अन्य छात्रों ने पुलिस को सूचना दी। स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच और पंचनामा की कार्रवाई की। तलाशी के दौरान सुसाइड नोट बरामद हुआ। गुरुवार को शव को सुपेला अस्पताल भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।