नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित उत्तर एवं पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों तक घना कोहरा छाए रहने के आसार है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को आगाह किया कि दृश्यता कम होने से हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान में शीतलहर चलने और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। विभाग ने शुक्रवार सुबह जारी मौसम बुलेटिन में कहा कि 27 और 28 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली तथा पूर्वी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने की प्रबल आसार हैं। हिमाचल प्रदेश में 30 नवंबर तक ऐसी ही स्थिति बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा छा सकता है, जबकि आज असम और मेघालय में भी कोहरे के आसार हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि रात और सुबह के समय दृश्यता कम रहने से हवाई अड्डों का संचालन, रेल सेवाएं और राजमार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा पर निकलने से पहले विमानन कंपनियों, रेलवे और राज्य परिवहन विभागों से अपनी यात्रा के समय की जानकारी लेते रहें। वाहन चालकों को सावधानी बरतने और गाड़ी चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इसके अलावा आगाह किया है कि अत्यधिक घने कोहरे वाले इलाकों में संवेदनशील लोगों को सांस संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। इसके अलावा बिजली की लाइनों में ट्रिपिंग की समस्या भी पैदा हो सकती है।
विभाग के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को पूर्वी राजस्थान के कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। इससे कृषि, पशुधन, जलापूर्ति, परिवहन और बिजली ढांचे पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। राजस्थान के सीकर में गुरुवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश के मैदानी इलाकों में सबसे कम रहा। हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 से तीन डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जबकि कुछ स्थानों पर यह सामान्य से 3.1 से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। कोहरे और शीतलहर की चेतावनी के बावजूद उत्तर-पश्चिम भारत में तीन दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इस बीच, आज केरल, माहे, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार, 27 और 28 नवंबर को दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, जिनकी झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, तथा बिजली चमकने के साथ गरज-चमक वाले तूफान आने का अनुमान है। 29 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बनने के आसार हैं।
भाटापारा में राष्ट्रीय रामायण मेला समिति की बैठक, तीन नए सदस्य जुड़े
इसके प्रभाव से अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 29 नवंबर से तीन दिसंबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 30 नवंबर और एक दिसंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान बिजली चमकने, गरज-चमक के साथ तूफान आने और तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है। वहीं, 29 और 30 नवंबर को अंडमान सागर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। विभाग ने पूर्वी राजस्थान के किसानों को कम तापमान के प्रतिकूल प्रभाव से खड़ी फसलों को बचाने के लिए शाम के समय हल्की और बार-बार सिंचाई करने की सलाह दी है। इसके अलावा सब्जियों की पौधशालाओं, नए फलदार पौधों और पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा है। सप्ताह के दौरान पश्चिमी और मध्य भारत में मौसम की किसी बड़ी गतिविधि होने का अनुमान जताया गया है।
