संसद सत्र से पहले परिसीमन पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने पीएम-गृह मंत्री पर लगाए झूठ बोलने के आरोप; संजय राउत ने बताया राष्ट्रविरोधी कदम

Follow Us

नई दिल्ली। संसद के आगामी सत्र से पहले परिसीमन को लेकर देश की राजनीति गरमा गई है। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया का विरोध करते हुए इसे भाजपा की साजिश करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए देश की जनता की राजनीतिक ताकत छीनने की कोशिश की जा रही है। राउत ने इसे राष्ट्रविरोधी कदम बताते हुए सभी लोकतांत्रिक और विपक्षी दलों से संसद में इसका एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।

संजय राउत ने कहा कि आज शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे उनके बीच नहीं हैं और शरद पवार की तबीयत भी ऐसी नहीं है कि वे संघर्ष कर सकें या कोई निर्णय ले सकें। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन विधेयक को भ्रष्ट तरीके से संसद में लाने की कोशिश की जा रही है। राउत ने कहा कि जो भी इस विधेयक का समर्थन करेगा, वह देश की जनता के साथ विश्वासघात करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर फैसला विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन के भीतर सामूहिक रूप से लिया जाएगा और सभी दलों को एकजुट रहना चाहिए।

वहीं, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री महिला आरक्षण के नाम पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। रमेश ने कहा कि महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने वाला नारी शक्ति वंदन अधिनियम सितंबर 2023 में संसद से सर्वसम्मति से पारित हो चुका है। कांग्रेस अध्यक्ष ने इसे तत्काल लागू करने की मांग भी की थी, लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि आगामी विशेष सत्र का असली मकसद महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन के जरिए ऐसे चुनावी क्षेत्र तैयार करना है, जिनसे भाजपा को राजनीतिक फायदा मिल सके। उन्होंने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी सवाल उठाए और मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया तथा चुनावी निष्पक्षता को लेकर आरोप लगाए। सरकार की ओर से संसद का सत्र बुलाने का प्रस्ताव सामने आने के बाद विपक्ष ने इस मुद्दे पर विरोध तेज कर दिया है। अब आगामी सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर सरकार तथा विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं।