JNM मेडिकल कॉलेज में MBBS की 20 सीटें बढ़ीं, अब 250 छात्रों को मिलेगा प्रवेश

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सबसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल पंडित जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (JNM) मेडिकल कॉलेज, रायपुर में एमबीबीएस की 20 नई सीटों की बढ़ोतरी को मंजूरी मिल गई है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) के मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कॉलेज की प्रवेश क्षमता 230 से बढ़ाकर 250 सीटें करने की अनुमति प्रदान की है। JNM मेडिकल कॉलेज पं. दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल हेल्थ साइंसेज एंड आयुष यूनिवर्सिटी, छत्तीसगढ़ से संबद्ध है। MARB द्वारा जारी अनुमति पत्र के अनुसार अब आगामी शैक्षणिक सत्र से 250 विद्यार्थी एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकेंगे।

वर्ष 1963 में केवल 60 MBBS सीटों के साथ शुरू हुए JNM मेडिकल कॉलेज ने समय के साथ अपनी प्रवेश क्षमता में लगातार विस्तार किया है। सीटों की संख्या पहले 100, फिर 2009 में 150, 2019 में 180, 2023 में 230 और अब 2026-27 से 250 तक पहुंच गई है। यह बढ़ोतरी प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सीट वृद्धि का स्वागत करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें MBBS की पढ़ाई के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस उपलब्धि का श्रेय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और राज्य सरकार के प्रयासों को देते हुए कहा कि आने वाले समय में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में और भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।