नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा सामने आया, जब उद्योग भवन के पास मजदूरों की अस्थायी बस्ती में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते करीब 200 टिन शेड और अस्थायी घर जलकर खाक हो गए। घटना सुबह करीब 3 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दिल्ली अग्निशमन विभाग की करीब 20 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यह इलाका सेना भवन के नजदीक स्थित बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यहां निर्माण कार्य से जुड़े मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कमरे और टिन शेड बनाए गए थे। इन कमरों में छोटे गैस सिलेंडर और बिजली की व्यवस्था भी थी। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि बिजली की स्पार्किंग के कारण आग भड़की होगी, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
आग लगने के समय कई मजदूर अपने कमरों में सो रहे थे, लेकिन खतरे को भांपते हुए सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की चपेट में आने से मजदूरों का कपड़ा, दस्तावेज और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। बताया जा रहा है कि ये मजदूर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे। प्रशासन अब नुकसान का आकलन करने और आग के कारणों का पता लगाने में जुटा है।
