‘अभियान संवेदना’ के तहत बड़ी सफलता, लापता नाबालिग सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतरारोड़ पुलिस ने अप्रैल माह से लापता एक नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल 2026 को बालिका के पिता ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अप्रैल की रात उनकी नाबालिग पुत्री घर से लापता हो गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार बालिका की तलाश में जुटी रही। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पहले उसकी लोकेशन विशाखापट्टनम और बाद में ओडिशा के संबलपुर में मिली। लगातार तकनीकी निगरानी के बाद 26 जून 2026 को रायगढ़ जिले के कोड़ातराई क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने बालिका को सकुशल बरामद कर लिया।

जांच के दौरान बालिका ने महिला पुलिस अधिकारी को दिए बयान में बताया कि आरोपी धीरज निराला उर्फ नानू (19) उसे शादी का झांसा देकर विशाखापट्टनम और संबलपुर ले गया, जहां उसका शारीरिक शोषण किया।

बालिका के बयान और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्रकरण में धाराएं जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की विवेचना जारी है।