1 जुलाई से बड़ी राहत! 19 किलो एलपीजी सिलेंडर हुआ रु.180 से ज्यादा सस्ता, डीजल खरीद पर भी हटी बड़ी पाबंदी

Follow Us

नई दिल्ली। जुलाई की शुरुआत आम लोगों और कारोबारियों के लिए राहतभरी खबर लेकर आई है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में रु.180 से अधिक की कटौती कर दी है। नई दरें 1 जुलाई से लागू हो गई हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लागत में कमी आने की उम्मीद है। हालांकि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई कीमतों के अनुसार, दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर अब रु.2,930 में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत रु.3,113.50 थी। मुंबई में इसकी कीमत घटकर रु.2,885.50, कोलकाता में रु.3,081.50 और चेन्नई में रु.3,106 हो गई है। वहीं घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में रु.942, मुंबई में रु.941, कोलकाता में रु.968 और चेन्नई में रु.957.50 पर स्थिर बनी हुई है।

पिछले कुछ महीनों में अंतरराष्ट्रीय तनाव और कच्चे तेल व गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से कॉमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगे हुए थे। अब वैश्विक बाजार में कीमतों में नरमी आने के बाद तेल कंपनियों ने राहत देते हुए दाम घटाए हैं। इसके अलावा सरकार ने डीजल बिक्री से जुड़ी एक अहम पाबंदी भी समाप्त कर दी है। अब पेट्रोल पंपों पर किसी भी वाहन में एक दिन में 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा खत्म कर दी गई है। साथ ही फैक्ट्रियों और बड़े व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर लगी खरीद संबंधी रोक भी हटा ली गई है। सरकार का कहना है कि ईंधन आपूर्ति सामान्य होने के बाद यह फैसला लिया गया है।