कैलाश खेर की प्रॉपर्टी से जुड़ी बड़ी डील, 10 महीने में 25 लाख रुपये बढ़ी ऑफिस की कीमत

Follow Us

मुंबई। मशहूर सिंगर कैलाश खेर अपनी अलग आवाज और सूफी अंदाज के लिए जाने जाते हैं। ‘अल्लाह के बंदे’, ‘तेरी दीवानी’ और ‘या रब्बा’ जैसे गानों ने उन्हें खास पहचान दिलाई। ‘बाहुबली’ सीरीज के गानों में भी उनकी आवाज सुनने को मिली है। अब कैलाश खेर एक ऑफिस प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री को लेकर सुर्खियों में हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने BKC के ट्रेड सेंटर की सातवीं मंजिल पर स्थित 2,619 वर्ग फीट का ऑफिस 10.75 करोड़ रुपये में बेचा है। यह ऑफिस बांद्रा ईस्ट में MTNL बिल्डिंग के सामने स्थित है और इसके साथ एक कार पार्किंग भी मिली हुई है। खास बात यह है कि कैलाश खेर ने इस संपत्ति को करीब 10 महीने पहले 10.50 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस तरह बिक्री के दौरान उन्हें खरीद कीमत से 25 लाख रुपये अधिक मिले। रजिस्टर्ड दस्तावेजों के मुताबिक, ऑफिस की बिक्री 10.75 करोड़ रुपये में दर्ज हुई है। इस सौदे के लिए 64.50 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी भी अदा की गई। खरीद और बिक्री की रकम की तुलना करें तो महज 10 महीने में प्रॉपर्टी के मूल्य में लगभग 2.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

हालांकि, 25 लाख रुपये का अंतर कैलाश खेर की पूरी कमाई या शुद्ध मुनाफा नहीं माना जा सकता। प्रॉपर्टी की खरीद और बिक्री के दौरान स्टांप ड्यूटी, रजिस्ट्रेशन शुल्क, टैक्स और अन्य लेनदेन खर्च भी जुड़े होते हैं। ऐसे में इन सभी खर्चों को निकालने के बाद वास्तविक लाभ 25 लाख रुपये से कम हो सकता है।