अवैध शराब का बड़ा भंडाफोड़! री-पैकिंग रैकेट का खुलासा, MP व्हिस्की की खेप जब्त, मुख्य आरोपी फरार

Follow Us

डोगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोगरगढ़ में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के संगठित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब और पैकेजिंग सामग्री जब्त की है। ग्राम कातलवाही में की गई इस छापेमारी से री-पैकिंग और सप्लाई के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के नेतृत्व में टीम ने सूचना के आधार पर एक मकान पर दबिश दी। जांच के दौरान मौके से करीब 243 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई।

इसमें मध्य प्रदेश निर्मित व्हिस्की की सैकड़ों बोतलें और पाव शामिल हैं, जिन्हें छत्तीसगढ़ में खपाने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में खाली बोतलें, ढक्कन और लेबल भी मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि, यहां अवैध री-पैकिंग का काम चल रहा था। शराब को दूसरे राज्यों के लेबल से पैक कर बाजार में बेचने की साजिश रची जा रही थी। छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी चंद्रकांत सेन उर्फ सोनू मौके से फरार हो गया।

विभाग ने उसके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और पहले भी इस तरह के मामलों का खुलासा हो चुका है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। आबकारी विभाग ने साफ कहा है कि, इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।