भानुप्रतापपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात GST विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माइंस ठेकेदार अरविंद साहू के निवास और कार्यालय पर छापेमारी की। यह संयुक्त कार्रवाई दिल्ली और रायपुर से आई टीमों द्वारा की गई, जिसमें दो वाहनों से अधिकारी अचानक ठिकानों पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, यह छापा रात करीब 11 बजे शुरू होकर लगभग 1 बजे तक चला। टीम ने ठेकेदार के बाजारपार स्थित घर और दल्लीरोड स्थित कार्यालय दोनों जगह एक साथ दबिश दी। इस दौरान वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की गहन जांच की गई।
छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज, प्रिंटर और अन्य सामग्री जब्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। हालांकि GST विभाग की ओर से अभी तक जब्त सामान और जांच के निष्कर्षों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि, अरविंद साहू नीको जायसवाल ग्रुप की खदानों में ठेकेदारी का काम करते हैं। कार्रवाई इतनी गोपनीय थी कि, स्थानीय पुलिस को भी इसकी भनक नहीं लगी। यह भी उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले भी उनके रायपुर स्थित कार्यालय पर GST विभाग ने इसी तरह की जांच की थी। फिलहाल इस छापेमारी के बाद इलाके में चर्चा तेज है और लोग इसे बड़ी आर्थिक जांच कार्रवाई के रूप में देख रहे हैं। अधिकारी आगे की जांच में जुटे हुए हैं।
