स्कूटी पर सवार होकर निकले डिप्टी सीएम अरुण साव, औचक निरीक्षण में दिखा जमीनी अंदाज

Follow Us

लोरमी। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आज एक ऐसा अंदाज दिखाया जिसने आम जनता को हैरान कर दिया। वीआईपी सुरक्षा और सरकारी काफिले के बजाय वे अचानक स्कूटी पर सवार होकर लोरमी क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण करने निकल पड़े। उनका यह सरल और जमीनी रूप सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। अक्सर बड़े पदों पर बैठे नेताओं के साथ भारी सुरक्षा और गाड़ियों का काफिला देखा जाता है, लेकिन अरुण साव ने इस परंपरा को तोड़ते हुए आम नागरिक की तरह सड़कों पर सफर किया। स्कूटी चलाते हुए वे सीधे निर्माण स्थलों पर पहुंचे और चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना। बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक, सभी से उन्होंने सीधे संवाद कर फीडबैक लिया। लोगों ने भी उनके इस सहज व्यवहार की सराहना की और कहा कि इस तरह का जुड़ाव नेताओं और जनता के बीच भरोसा मजबूत करता है। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि, सभी विकास कार्य समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अरुण साव का यह अनोखा अंदाज न सिर्फ प्रशासनिक सक्रियता को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि, नेतृत्व अगर जमीन से जुड़ा हो तो जनता के बीच उसकी स्वीकार्यता और विश्वास दोनों बढ़ते हैं।