महादेव सट्टा ऐप मामले में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर-दुर्ग-भिलाई से दिल्ली तक छापेमारी

Follow Us

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली तक कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने रायपुर, दुर्ग-भिलाई और धमतरी समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। वहीं, दिल्ली में भी कारोबारियों से जुड़े ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। जानकारी के अनुसार, रायपुर के जोरा स्थित पार्क शिरीन कॉलोनी में जेल एवं होमगार्ड विभाग में वित्त सहायक के पद पर कार्यरत राजेन्द्र सिंह के आवास पर ED की टीम पहुंची। यहां अधिकारियों ने महत्वपूर्ण दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की पड़ताल की।

इसी तरह दुर्ग-भिलाई में एक चर्चित होटल कारोबारी के आवास और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच की गई। वहीं, धमतरी में महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के कथित सरगना सौरभ चंद्राकर के एक रिश्तेदार के घर समेत कई स्थानों पर ED ने दबिश दी। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत की जा रही है। फिलहाल इस कार्रवाई को लेकर जांच एजेंसी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच का दायरा दिल्ली तक पहुंच गया है। ED ने दिल्ली में लग्जरी कैटरिंग कारोबारी राहुल मक्कर और रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर तथा उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की है। जांच के दायरे में पिता-पुत्र से संबंधित 9 कंपनियां भी शामिल बताई जा रही हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि महादेव सट्टा कारोबार से अर्जित कथित अवैध रकम को विभिन्न लोगों और कंपनियों के माध्यम से आगे पहुंचाया गया। इस रकम का इस्तेमाल दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश के लिए किए जाने की संभावना है।

राहुल मक्कर का नाम सौरभ चंद्राकर की दुबई में आयोजित शादी में कैटरिंग व्यवस्था से जुड़े होने के संदर्भ में सामने आया है। बताया जा रहा है कि सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर ED ने यह कार्रवाई की है। फिलहाल जांच एजेंसी कथित अवैध कमाई के लेनदेन, संबंधित कंपनियों और निवेश के माध्यमों की जांच कर रही है।