कोंडागांव में 12 दिसंबर को लगेगी साल की अंतिम नेशनल लोक अदालत, तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक

Follow Us

कोंडागांव। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आगामी 12 दिसंबर 2026 को वर्ष की अंतिम नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों और अधिक से अधिक मामलों के निराकरण को लेकर 26 नवंबर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कोंडागांव में बैंक एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रिगरी के मार्गदर्शन में तथा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें जिले के विभिन्न बैंकों, विद्युत विभाग, दूरसंचार विभाग और नगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

बैठक में आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों को प्रस्तुत कर उनका निराकरण करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से बैंक ऋण वसूली, बिजली बिल, दूरसंचार से संबंधित बकाया राशि और नगरपालिका के लंबित देयकों जैसे प्री-लिटिगेशन मामलों को चिह्नित कर आपसी सहमति और समझौते के आधार पर निपटाने पर जोर दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों में लंबित और प्री-लिटिगेशन प्रकरणों की सूची तैयार करें। साथ ही अधिक से अधिक मामलों को नेशनल लोक अदालत में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित पक्षकारों को समय रहते सूचना देने और आपसी सहमति से विवादों का समाधान कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।

गायत्री साय ने कहा कि नेशनल लोक अदालत आम नागरिकों को सरल, सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए आपसी सहमति से विवादों का निराकरण कर समय और धन दोनों की बचत की जा सकती है। बैठक में सभी विभागों से आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता के साथ 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली वर्ष की अंतिम नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की गई।