छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के गोलवाड़ी स्थित आवास पर गुरुवार देर रात हंगामे और हमले की कोशिश का मामला सामने आया है। नशे में धुत तीन युवकों ने बंगले के बाहर जमकर उत्पात मचाया, शराब की बोतलें तोड़ीं और सुरक्षाकर्मियों से भिड़ गए। घटना के बाद सतारा पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
सुरक्षाकर्मियों पर फेंकी बोतलें
मंत्री संजय शिरसाट के मुताबिक, घटना रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई। तीनों युवक पहले अपनी गाड़ी से गिर गए और कुछ देर बाद वहां से चले गए। हालांकि, बाद में वे दोबारा बंगले के मुख्य गेट पर पहुंचे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कथित तौर पर हंगामा किया और घर की ओर बोतलें फेंकीं। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
एक कार्यकर्ता को आई हल्की चोट
शुरुआती खबरों में दो सुरक्षाकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई थी। हालांकि, बाद में मंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। उनकी पार्टी के एक कार्यकर्ता को हल्की चोट लगी, जिसके बाद उसे मेडिकल उपचार के लिए भेजा गया।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
घटना के बाद मंत्री शिरसाट ने शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के तुरंत बाद जब उन्होंने छत्रपति संभाजीनगर के पुलिस कमिश्नर से संपर्क करने की कोशिश की, तो उनका फोन स्विच ऑफ था। वहीं, महाराष्ट्र के डीजीपी ने आधी रात को उनका फोन उठाया और मामले की जांच का भरोसा दिलाया।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
मंत्री शिरसाट ने बताया कि उनके आवास पर इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी एक युवक चाकू लेकर उनके घर तक पहुंच गया था। ताजा घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
