धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में प्रेम प्रसंग और मोबाइल फोन के मामूली विवाद ने आधी रात को एक भयावह मोड़ ले लिया। शहर का गणेश चौक इलाका उस वक्त चीख-पुकार से दहल उठा, जब दो गुटों के बीच जारी खूनी संघर्ष अचानक ‘एसिड अटैक’ में बदल गया। इस हमले की चपेट में आने से एक नाबालिग समेत कुल पांच लोग झुलस गए हैं। घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायपुर रेफर कर दिया गया है।
घटना की जड़ें एक प्रेम प्रसंग से जुड़ी हैं। जानकारी के मुताबिक, रामपुर वार्ड की एक महिला का प्रेम प्रसंग गणेश चौक निवासी सूरज के दोस्त के साथ चल रहा था। विवाद तब भड़का जब महिला का पति भारी भीड़ लेकर सूरज के घर धावा बोलने पहुंच गया। देखते ही देखते बात गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गई। खुद को घिरता देख आरोपी सूरज ने घर के भीतर रखा तेजाब भीड़ पर उड़ेल दिया। इस जानलेवा हमले में बीच-बचाव करने आया लक्की नाम का युवक 30 प्रतिशत और एक मासूम नाबालिग 25 प्रतिशत तक झुलस गया। अचानक हुए इस रासायनिक हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर पक्ष भी इसकी चपेट में आकर जख्मी हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और अब तक इस कांड में मुख्य आरोपी सूरज समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि, आरोपी बर्तन चमकाने का काम करता था, इसलिए उसके पास तेजाब मौजूद था। हालांकि, प्रतिबंधित एसिड की इतनी आसान उपलब्धता ने सुरक्षा और नियमों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर केस दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश कर रही है, लेकिन इस वारदात ने धमतरी की कानून-व्यवस्था और सामाजिक ताने-बाने को हिलाकर रख दिया है।
