रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के शुरुआती पांच दिनों में शराब की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। आबकारी विभाग को 5 से 9 नवंबर के बीच शराब बिक्री से 54 करोड़ 60 लाख 76 हजार रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ। पिछले साल की समान अवधि की तुलना में इस बार शराब बिक्री में 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, इस साल 5 से 9 नवंबर के बीच कुल 54.60 करोड़ रुपये की शराब बिकी, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 50.65 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इस तरह पिछले साल के मुकाबले करीब 3 करोड़ 95 लाख रुपये की अतिरिक्त बिक्री दर्ज की गई।
9 नवंबर को सबसे ज्यादा बढ़ी बिक्री
आंकड़ों के अनुसार, 5 नवंबर को शराब बिक्री में पिछले साल की तुलना में 2.3 प्रतिशत की गिरावट रही। हालांकि, इसके बाद बिक्री में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली। 6 नवंबर को 8.8 प्रतिशत, 7 नवंबर को 9.1 प्रतिशत और 8 नवंबर को 9.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, 9 नवंबर को बिक्री में सबसे ज्यादा 12.3 प्रतिशत का उछाल आया।
विदेशी शराब की बिक्री सबसे ज्यादा
श्रेणीवार आंकड़ों पर नजर डालें तो पांच दिनों में देशी शराब की 19.55 करोड़ रुपये, विदेशी स्पिरिट की 29.66 करोड़ रुपये और माल्ट श्रेणी की 5.38 करोड़ रुपये की बिक्री हुई। कुल आंकड़ों के मुताबिक, नवंबर के शुरुआती पांच दिनों में शराब कारोबार पिछले साल की समान अवधि से काफी आगे रहा।
