लॉर्ड्स में काइल जैमीसन का ऐतिहासिक ‘पंजा’: दिग्गज हैडली और क्रिस केर्न्स के क्लब में हुए शामिल

Follow Us

नईदिल्ली। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। उन्होंने मैच के पहले ही दिन घातक गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड की पहली पारी में 5 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में 5 विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के इतिहास के महज तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। जैमीसन ने अपने 14 ओवर के स्पेल में केवल 62 रन खर्च किए, जिसकी बदौलत इंग्लिश टीम पहली पारी में महज 140 रनों पर ही ढेर हो गई।

जैमीसन से पहले न्यूजीलैंड के महान ऑलराउंडर सर रिचर्ड हैडली (1983 और 1986) और पूर्व दिग्गज क्रिस केर्न्स (1999) ही लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में यह कारनामा कर सके थे। जैमीसन ने मैच में अपना डेब्यू कर रहे एमिलियो गे को आउट कर विकेटों का खाता खोला और फिर जैमी स्मिथ, बेन स्टोक्स, गस एटकिंसन और ओली रॉबिन्सन को आउट कर अपना ‘फाइव विकेट हॉल’ पूरा किया। साल 2020 में भारत के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले काइल जैमीसन ने अब तक 20 टेस्ट मैचों में करीब 19 की शानदार औसत से 85 विकेट हासिल कर लिए हैं। वहीं, लॉर्ड्स के इस मैदान पर ओवरऑल पारियों को मिलाकर 5 विकेट लेने वाले वह न्यूजीलैंड के 7वें गेंदबाज बन गए हैं।