मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन ने बिजनेसमैन कबीर बहिया के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही ब्रेकअप की अफवाहों पर विराम लगा दिया है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर साल 2026 के पहले छह महीनों की कुछ अनदेखी तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें कबीर बहिया के साथ उनकी रोमांटिक झलक भी देखने को मिली।
कृति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई खास तस्वीरें पोस्ट कीं। इनमें दो तस्वीरों में कबीर बहिया भी नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “कुछ ऐसे पल जो कभी इंस्टाग्राम पर नहीं आए।”
शेयर की गई तस्वीरों में एक फोटो खास तौर पर फैंस का ध्यान खींच रही है, जिसमें कृति और कबीर एक लाइव परफॉर्मेंस का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को गले लगाए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के रिश्ते को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
दरअसल, कुछ समय पहले कबीर बहिया की एक अन्य महिला के साथ तस्वीर वायरल होने के बाद उनके और कृति के ब्रेकअप की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि, कबीर के करीबी सूत्रों ने स्पष्ट किया था कि वायरल तस्वीर में नजर आ रही महिला उनकी पारिवारिक मित्र हैं, जिन्हें वह बहन जैसा मानते हैं। ऐसे में ब्रेकअप की खबरें पूरी तरह निराधार थीं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति सेनन की हालिया रिलीज ‘कॉकटेल 2’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने अब तक 85 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। इसमें उनके साथ शाहिद कपूर और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कृति ‘डॉन 3’ में भी नजर आ सकती हैं, हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
