कोरबा। गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने शहर में निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बाइक से पेट्रोलिंग कर प्रमुख सड़कों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया। पेट्रोलिंग के दौरान अलग-अलग जगहों पर लगाए गए गणेश पंडालों में सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की गई।
पुलिस टीम ने सिविल लाइन थाना, मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र, कोतवाली थाना और सीएसईबी थाना क्षेत्र में भ्रमण किया। गणेश पंडाल समितियों से आयोजन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा संबंधी जरूरी सावधानियां बरतने को कहा गया। पुलिस ने असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही आगामी गणपति विसर्जन को ध्यान में रखते हुए यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
बाइक पेट्रोलिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नगर पुलिस अधीक्षक, संबंधित थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था देखी और त्योहार के दौरान लगातार पेट्रोलिंग जारी रखने के निर्देश दिए। पुलिस ने गणेशोत्सव समितियों और नागरिकों से शांति व सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तुरंत पुलिस को देने कहा है।
