राज्यसभा में खड़गे का सरकार पर हमला, बोले- मुझे संसदीय नियम मत सिखाइए, मंत्री सदन में दें जवाब

Follow Us

नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें संसदीय नियमों की जानकारी है और कोई उन्हें नियम न सिखाए।खड़गे ने कहा कि विपक्ष को सदन में अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष के मुद्दों का जवाब देनके बजाय उनसे बचने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि संबंधित मंत्री सदन में आकर बयान दें, जिसके बाद विपक्ष चर्चा के लिए तैयार है।

नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद पवन खेड़ा को लेकर की गई टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्यों का अपमान नहीं किया जाना चाहिए और पवन खेड़ा एक पढ़े-लिखे एवं योग्य व्यक्ति हैं।खड़गे ने राज्यसभा के नियमों का हवाला देते हुए कहा कि किसी सदस्य के खिलाफ आपत्तिजनक या गंभीर आरोप लगाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता और देश से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे सदन में उठा रहा है, इसलिए उसे बोलने का अवसर मिलना चाहिए।

इस दौरान सदन में लगातार हंगामा और शोर-शराबा जारी रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कई बार तीखी नोकझोंक हुई। खड़गे ने सभापति से आग्रह किया कि सरकार की बात भी सुनी जाए, लेकिन विपक्ष को भी अपनी बात रखने का समान अवसर दिया जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सदन में मुद्दे उठाना विपक्ष का अधिकार है और सरकार को उनका जवाब देना चाहिए।