यरूशलम/तेहरान। मध्य पूर्व में एक बार फिर तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि, अगर जरूरत पड़ी तो इजराइल “घर में घुसकर” भी कार्रवाई करेगा। उन्होंने दावा किया कि, इजराइल पहले भी ईरान पर दो बार हमला कर चुका है और अब तीसरे ऑपरेशन की तैयारी से भी पीछे नहीं हटेगा।
नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिका ईरान के साथ परमाणु मुद्दे पर बातचीत और संभावित समझौते की कोशिश कर रहा है। हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल को संयम बरतने और तनाव न बढ़ाने की सलाह दी है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि बड़े सैन्य कदम क्षेत्रीय कूटनीति को नुकसान पहुंचा सकते हैं और इजराइल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग कर सकते हैं।
इजराइली प्रधानमंत्री के बयान के तुरंत बाद ईरान ने भी कड़ा जवाब दिया है। तेहरान ने कहा कि, वह किसी भी स्थिति के लिए तैयार है और यदि कूटनीतिक बातचीत विफल होती है तो युद्ध के विकल्प को भी नहीं छोड़ा जाएगा। ईरान की संसद के स्पीकर ने कहा कि देश अपनी सुरक्षा को लेकर किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम है। इस बयानबाजी ने क्षेत्र में पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों पक्षों के बीच कूटनीतिक रास्ता नहीं निकला, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
