अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारत को लेकर दिए विवादित बयान पर अब ईरान की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। ट्रंप की टिप्पणी के बाद ईरानी कॉन्सुलेट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें भारत की विविधता, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य देखने की सलाह दी। ईरानी पक्ष ने एक वीडियो साझा करते हुए भारत, खासकर महाराष्ट्र के शहरी और प्राकृतिक दोनों रूपों को दिखाया। पोस्ट में संदेश दिया गया कि, किसी देश पर राय बनाने से पहले उसे करीब से समझना जरूरी है। इस प्रतिक्रिया को ट्रंप के बयान पर कूटनीतिक जवाब माना जा रहा है। विवाद तब बढ़ा जब ट्रंप की एक टिप्पणी को लेकर भारत में राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं। हालांकि बाद में उन्होंने भारत को “महान देश” भी बताया, लेकिन शुरुआती बयान पर आलोचना जारी रही।
इस बीच डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं ने भी ट्रंप पर निशाना साधा और बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताया। उनका कहना है कि, ऐसे बयान अंतरराष्ट्रीय संबंधों और सामाजिक सौहार्द पर असर डाल सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि, इस पूरे घटनाक्रम ने भारत की वैश्विक छवि और उसके अंतरराष्ट्रीय समर्थन को भी रेखांकित किया है। ईरान की प्रतिक्रिया को भारत के प्रति मित्रवत संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। फिलहाल इस बयानबाजी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है और आने वाले दिनों में इस पर और प्रतिक्रियाएं सामने आ सकती हैं।
