गरियाबंद। गरियाबंद में पुलिस ने एक बार फिर गांजा तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। देवभोग थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ऐसी गाड़ी पकड़ी, जिसमें ऊपर से सब्जियों के कैरेट रखे गए थे, लेकिन नीचे करोड़ों के नशे का जखीरा छिपा था। पुलिस ने वाहन से 130 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 65 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, ओडिशा की तरफ से एक संदिग्ध वाहन भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होने वाला है। सूचना मिलते ही देवभोग पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर घेराबंदी कर सख्त जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। शुरुआत में गाड़ी में सिर्फ सब्जियों के कैरेट दिखाई दिए, लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की तो कैरेटों के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। मौके से पुलिस ने आरोपी राहुल पांडेय को गिरफ्तार किया, जो गाज़ीपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है कि ओडिशा से गांजे की सप्लाई कौन कर रहा था और उत्तर प्रदेश में इसे कहां पहुंचाया जाना था। गौरतलब है कि, एक हफ्ते के भीतर यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे साफ है कि ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर पुलिस ने तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है।
