रायपुर। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच रायपुर में खेला गया जबरदस्त मुकाबला सीजन के सबसे रोमांचक मैचों में शामिल हो गया। मैच की आखिरी गेंद तक चले इस संघर्ष में आरसीबी ने दो रन लेकर जीत हासिल की और मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ की रेस से बाहर कर दिया। वहीं, लखनऊ सुपर जाएंट्स की टीम भी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है। दरअसल, आरसीबी को जीत के लिए अंतिम ओवर में 15 रन चाहिए थे। मुंबई की ओर से गेंदबाजी की जिम्मेदारी युवा ऑलराउंडर राज बावा को सौंपी गई। क्रीज पर रोमारियो शेफर्ड और रसिख सलाम मौजूद थे। हालांकि, बावा ने ओवर की शुरुआत दबाव में की। उन्होंने एक वाइड और एक नो-बॉल फेंकी, जिससे आरसीबी को मुफ्त रन मिल गए। पूरे ओवर में उन्होंने कुल पांच अतिरिक्त रन दे दिए, जिसने मैच का रुख बदल दिया।
आपको बता दें की अंतिम गेंद पर आरसीबी को जीत के लिए दो रन चाहिए थे। रसिख सलाम ने सीधा शॉट खेला, जिसे राज बावा ठीक से रोक नहीं सके और गेंद मिड-ऑन की दिशा में निकल गई। यहीं मैच पलट गया। बावा गेंद पकड़ने के बाद गेंदबाजी छोर पर नहीं पहुंचे, जिससे फील्डर को थ्रो विकेटकीपर एंड पर करना पड़ा। तब तक बल्लेबाज दो रन पूरे कर चुके थे। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखा कि अगर थ्रो गेंदबाजी छोर पर आता, तो नॉन-स्ट्राइकर क्रीज से बाहर हो सकता था और मैच सुपर ओवर में जा सकता था। वहीं मुंबई इंडियंस के कार्यवाहक कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मैच के बाद युवा खिलाड़ी का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि राज बावा पूरे सीजन और पिछले साल से इस भूमिका की अच्छी तैयारी कर रहे हैं। इस साल हमने उनमें एक अलग ऑलराउंडर देखा। आखिरी ओवर की जिम्मेदारी लेना बड़ी बात थी और उन्होंने लगभग मैच हमारे लिए निकाल ही दिया था।’ इस हार के साथ मुंबई इंडियंस आधिकारिक रूप से प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। मुंबई के साथ लखनऊ सुपर जाएंट्स की उम्मीदें भी समाप्त हो गईं। आरसीबी ने इस जीत से अपने अभियान को नई जान दी, जबकि मुंबई के लिए यह हार लंबे समय तक चुभने वाली साबित हो सकती है।
